मंत्री अमरजीत और भाजपा के  दिग्गज नेताओं सहित हजारों लोग शामिल हुए अंतिम यात्रा में

जशपुरनगर। दिवंगत युद्धवीर सिंह जूदेव जशपुर के बाकी नदी स्थित मुक्तिधाम में पंचतत्व में विलीन हो गए। राज्य शासन के निर्देश पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत सहित भाजपा के अनेक शीर्ष नेता सहित हजारों लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।


दिवंगत युध्दवीर सिंह जूदेव का अंतिम संस्कार आचार्यों के द्वारा वैदिक रीति से मंत्रोचार के साथ किया गया। इससे पहले सुरक्षा बल के जवानों ने तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सलामी दी। इसके बाद प्रदेश भर से आये जनप्रतिनिधियों, नेताओं सहित कलेक्टर जशपुर महादेव कावरे, एसपी विजय अग्रवाल व अन्य अधिकारी जन प्रतिनिधियों ने पुष्प चढाया। इसके बाद अग्नि संस्कार किया गया। दिवंगत शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव के बेटे और युद्धवीर के भतीजे शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने युद्धवीर को मुखाग्नि दी।

अंतिम यात्रा विजय विहार से लगभग 11:30 बजे निकली। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य परिजनों ने सबसे पहले कांधा दिया। लगभग 500 मीटर की दूरी तक अर्थी में कंधा देने के बाद सुसज्जित वाहन में दिवंगत युद्धवीर के पार्थिव शरीर को रखा गया जिसके बाद यात्रा मुक्तिधाम के लिए जसपुर के विभिन्न रास्तों से होते हुए निकली।

अंतिम विदाई के समय रणविजय सिंह जूदेव, विक्रमादित्य सिंह जूदेव प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर, नंदकुमार साय, सांसद गोमती साय, संसदीय सचिव यूडी मिंज, विधायक विनय भगत, जिपं अध्यक्ष रायमुनि भगत, गणेश राम भगत, रामप्रताप सिंह, ओपी चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में चाहने वाले जुटे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here