(बारिश व लॉकडाउन की तस्वीरें पत्रकार मेनन के कैमरे से)

बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम, बिल्हा और बोदरी नगर पंचायत में लागू लॉकडाउन के बीच आज जिले में आज भारी बारिश के कारण लोग घरों से नहीं निकले। इस दौरान कई घरों में पानी भी घुस गया जिसके चलते उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी है।

बिलासपुर के शहरी इलाकों में आज 23 जुलाई से 31 जुलाई तक लॉकडाउन घोषित किया गया है। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिये जिला और पुलिस प्रशासन ने कई दिनों से तैयारी कर रखी है। कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर में 40 से ज्यादा चेकिंग प्वाइंट बनाये गये हैं। हर चौक चौराहे पर पुलिस बल और स्वयंसेवक तैनात किये गये हैं।

लॉकडाउन के दौरान सुबह से दोपहर 12 बजे तक जरूरी सामान खरीदने के लिये लोगों को निकलने की छूट दी गई थी लेकिन सड़कें सुबह से ही सूनी दिखने लगी थी। चूंकि लॉकडाउन की घोषणा तीन दिन पहले हो चुकी थी लोगों में हड़बड़ी नहीं दिखी।

सुबह 11 बजे के बाद शहर में बारिश शुरू हो गई। दोपहर में दो घंटे तक मूसलाधार पानी गिरा, जिससे कई इलाकों विनोबानगर और चांटीडीह के कई मकानों में पानी घुस गया। शहर की सड़कों पर तेलीपारा, सदरबाजार आदि में भी भरा। विधायक शैलेष पांडेय ने प्रभावित लोगों के घर जाकर मुआयना किया और नगर निगम के अधिकारियों को पानी निकालने की व्यवस्था करने कहा।

लॉकडाउन को कड़ाई से लागू करने के लिये कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों के साथ शहर में 21 जुलाई को फ्लैग मार्च किया था। आज पुलिस अधीक्षक खुद पेट्रोलिंग पर निकले थे। एसपी ने कहा है कि इस बार लॉकडाउन में अनावश्यक घूमने वालों पर अधिक कड़ाई बरती जायेगी। बेहद जरूरी काम से निकलने वालों के लिये भी अपने साथ पहचान पत्र रखना अनिवार्य है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पुलिस और प्रशासन द्वारा कोरोना की चेन तोड़ने के लिये किये जा रहे प्रयास में मदद करें।

ज्ञात हो कि कोरोना संक्रमण के मामलों में हाल ही में बिलासपुर में तेजी से वृद्धि हुई है। कई स्वास्थ्य अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, हाईकोर्ट के अधिकारी, कर्मचारी भी इसकी चपेट में आ चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here