मुख्यमंत्री बघेल ने 12 लाख रुपये की स्वीकृति के साथ अभियान की सफलता की शुभकामनायें दीं

रायपुर। हाफ ह्यूमन रोबो के नाम से मशहूर छत्तीसगढ़ के पर्वतारोही चित्रसेन साहू नए साल पर एक और साहसिक अभियान में निकल रहे हैं। वे माउंट एकांगगुआ सम्मिट 2022 में भाग लेने के लिए दक्षिण अमेरिकी देश अर्जेंटीना जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके अभियान के लिये 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।

माउंट एकांकागुआ एंडीज पर्वत श्रृंखला की ऊंचाई दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के बाद दूसरे नंबर पर है। यह करीब 22,841 फीट ऊंचा है। यहां के मिशन समागम में भाग लेने के लिये साहू 1 जनवरी से यात्रा पर होंगे और 22 जनवरी को अभियान पूरा होगा।

चित्रसेन साहू संभवतः भारत से जाने वाले ऐसे पहले प्रतिभागी होंगे जो अपने दोनों कृत्रिम पैरों के सहारे इस ऊंची चोटी को फतह करेंगे। मालूम हो सिविल इंजीनियर चित्रसेन साहू (27 वर्ष) बालोद के रहने वाले हैं। अपने दोनों पैर एक ट्रेन दुर्घटना में उन्हें गंवाना पड़ा था। वे वायु सेना की प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेने की तैयारी कर रहे थे। 4 जून 2014 को भाटापारा स्टेशन पर वे रायपुर से बिलासपुर जाते वक्त पानी का बोतल लेने के लिए उतरे। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी और उनका हाथ चढ़ते वक्त दरवाजे से छूट गया। एक पैर तो अस्पताल में तुरंत काट दिया गया लेकिन दूसरा पैर भी करीब 20 दिन बाद गलत इलाज के कारण काटना पड़ा।

इसके बाद भी उन्होंने चुनौतियों को स्वीकार करते हुए पर्वतारोहण को अपना लिया। अनुभवी पर्वतारोही राहुल गुप्ता की मदद से उन्होंने सेवन सम्मिट में भाग लिया माउंट किलिमंजारो के साथ उन्होंने पर्वतारोहण की शुरुआत की जहां पर -10 से -15 डिग्री सेल्सियस तापमान होता है। साहू ने अपने दोनों पैर कट जाने के बाद अपनी जरूरतों के लिए कार चलाने का फैसला किया। लेकिन उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस देने से परिवहन विभाग ने मना कर दिया। तब उन्होंने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका लगाई थी। उन्हें कोर्ट के आदेश पर लाइसेंस मिला। इससे अनेक निःशक्त लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस मिलने का रास्ता खुल गया। पर्वतारोही के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियों कारण कई अवार्ड से सम्मानित किए जा चुके हैं। लोगों ने उन्हें शुभकामनायें देते हुए कहा है कि हम दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराते हुए देखना चाहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here