बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम के संजय गांधी नगर वार्ड 29 के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शेख असलम ने भारी अंतर से भाजपा के राजेश रजक को परास्त किया।

कांग्रेस प्रत्याशी शेख असलम को 2834 वोट, भाजपा उम्मीदवार राजेश रजक को 749 तथा निर्दलीय इरशाद कुरैशी को 41 वोट मिले। नोटा में 30 वोट पड़े, जबकि 70 मत निरस्त किये गये। इस तरह कांग्रेस को 2085 वोट से जीत हासिल हुई।

विधायक शैलेष पांडेय, महापौर रामशरण यादव, जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडेय व अन्य नेताओं ने जीत की घोषणा होते ही शेख असलम को बधाई दी।

बर्जेश इंग्लिश मीडियम स्कूल में बनाये गये स्ट्रांग रूम में सुबह 8 बजे गिनती शुरू हुई और 12.30 बजे नतीजे मिल गये।

वार्ड 29 में पिछला चुनाव स्व. शेख गफ्फार ने 2400 वोटों से जीता था। चुनाव परिणाम आने से पहले ही अचानक उनका ह्रदयाघात से निधन हो गया था। कांग्रेस ने उनके छोटे भाई शेख असलम को प्रत्याशी बनाया था, जबकि पिछली बार चुनाव लड़ने वाले राजेश रजक को भाजपा ने फिर से मैदान में उतारा था।

70 पार्षदों वाले नगर निगम में अब फिर कांग्रेस पार्षदों की संख्या 35 हो गई है। भाजपा पार्षद 30 हैं और शेष 5 सीटें निर्दलियों की है। महापौर चुनाव में भाजपा ने प्रत्याशी नहीं खड़ा किया था और रामशरण यादव की इस पद पर निर्विरोध जीत हुई थी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here