जांजगीर-चांपा। बर्थडे पार्टी में जबरन घुसकर नाचने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को 20 फीट ऊंची छत से फेंक दिया गया, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। आरोपियों को पुलिस ने अगले दिन गिरफ्तार कर लिया और उनकी परेड निकाली।

बुधवार को चांपा के श्री कृष्ण तुलसी धर्मशाला में संजय नगर के कमलेश्वर देवांगन ने छत्तीसगढ़ी नाच  का आयोजन किया था। इसमें कुछ लड़कियों को भी बुलाया गया था। इस कार्यक्रम में करन सहिस अपने साथियों के साथ गया था। रात करीब 1 बजे किरण सारथी और मनीष सारथी भी वहां पहुंचे और जबरन घुसकर नाचने लगे। इस पर कमलेश्वर देवांगन ने उन्हें मना किया। तब किरण ने जांजगीर से अपने कई दोस्तों को बुला लिया। वे सभी कार से पहुंचे और कमलेश्वर देवांगन, भीष्म तथा करण सहिस से मारपीट करने लगे। अपनी जान बचाने के लिए कमलेश्वर छत की ओर भागा मगर हमलावर पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और उसे पकड़कर छत से नीचे फेंक दिया। 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण कमलेश्वर के सिर पर गहरी चोट आई। उसे एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर ले जाने की सलाह दी गई। अपोलो अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर शहर के लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी को मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने रात में ही अपराध दर्ज किया। आरोपी किरण सारथी, मनीष सारथी, सतीश उर्फ बाटा यादव, गुदा उर्फ विजय बरेठ, बाबा उर्फ उमाशंकर यादव, मोंटू उर्फ मयंक वैष्णव, समीर राठौर तथा आशीष राठौर को अगले दिन दोपहर में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद शहर में पुलिस ने उनकी परेड निकाली और कोर्ट में पेश किया। सभी आरोपियों को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here