बिलासपुर। धान खरीदी एक दिसम्बर से शुरू होगी, पर किसानों ने अपनी जरूरत के लिए धान बेचना शुरू कर दिया है। धान की ऐसी बिक्री अवैध है, जो जब्त किये जा रहे हैं। रविवार को एक ही दिन में राजस्व, खाद्य और सहकारिता विभाग ने 786 क्विंटल धान की जब्ती की है। अब तक एक हजार क्विंटल धान की जब्ती की जा चुकी है।

ज्ञात हो कि किसानों से समर्थन मूल्य पर धान एक दिसम्बर से खरीदना शुरू किया जायेगा। इससे पहले ही जिन किसानों के धान तैयार हो चुके हैं वे बाजार में दिखने लगे हैं। जिला प्रशासन ने ऐसे धान के परिवहन, भंडारण पर सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर डॉ. संजय अलंग के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की है। अब तक एक  हजार क्विंटल से ज्यादा अवैध धान जब्त किया गया है। अवैध धान का परिवहन करने वाले 15 वाहनों को भी जब्त किया गया है। रविवार 17 नवंबर को अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के 26 मामले दर्ज किये गये और 786 क्विंटल धान की जब्ती की गई, साथ ही 14 वाहन भी जब्त किये गए। ये वाहन धान का परिवहन कर रहे थे। पेण्ड्रारोड अनुभाग में पांच प्रकरण दर्ज कर 427 बोरा, 170.80 क्विंटल धान जब्त किया गया है। पेन्ड्रारोड में सीमावर्ती मध्यप्रदेश से बीते वर्षों में धान लाये जाते रहे हैं। पर अभी छत्तीसगढ़ में धान खरीदी अभी शुरू नहीं हुई है।

दूसरी ओर रतनपुर में धान की अवैध परिवहन की जांच कर 150 बोरी धान जब्ती की गई। इसी तरह बिल्हा, सकरी में भी राईस मिलों की जांच और अवैध धान परिवहन करने वाले गाड़ियों की सघन चेकिंग कर कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इन जब्त धान के किसी भी मामले में यह नहीं बताया गया है कि क्या ये सीमावर्ती राज्यों से लाये गये हैं। हालांकि यह कहा गया है कि अंतर्राज्यीय परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के लिये जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में 13 नाके बनाये गये हैं, जिसमें 8 नाके वन विभाग द्वारा वन क्षेत्रों में बनाये गये हैं।

सीमावर्ती राज्यों से धान आवक को रोकने के लिये पेण्ड्रारोड के एसडीएम द्वारा सीमावर्ती ग्राम खैरझिटी, पंखुड़ी, गुम्माटोला, छरहर, मालाडांड़, चंगेरी, बरौर, कबीरचबूतरा, बघरीझोरकी, जलेश्वर, लरकेनी, सिवनी और लालपुर में बैरियर बनाये गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here