विचार मंच की 25वीं वर्षगांठ पर पहुंचे ख्यातिनाम कवि नरेश सक्सेना ने जताई चिंता, समझाया कविताओं का मर्म

बिलासपुर। देश के जाने-माने कवि और विचारक नरेश सक्सेना का मानना है कि विचार ही हमें जानवर से मनुष्य बनाता है और विचार करने से सवाल पैदा होते हैं। पर आज हालात ऐसे बन गये हैं कि सवाल पूछे जाने पर आप देशद्रोही ठहरा दिये जाएंगे और अधिक सवाल करेंगे तो आपकी हत्या भी हो सकती है।

संवाद और परिचर्चा पर केन्द्रित साहित्यकार द्वारिका प्रसाद अग्रवाल की संस्था विचार मंच के 25 वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ से विशेष रूप से कवि नरेश सक्सेना आमंत्रित किये थे। उनका कविता पाठ का कार्यक्रम रखा गया था। इसके पहले विचार मंच और कविता लेखन की पृष्ठभूमि पर भी उन्होंने अपनी बात रखी।

सक्सेना ने कहा कि विचार के बिना हम कुछ भी नहीं हैं। यदि हम जानवर से मनुष्य बने हैं तो विचार के ही कारण बने। विचार आस्था का निषेध करता है। आस्था में सवाल नहीं पूछे जाते सिर्फ समर्पण होता है। विचार के बिना समर्पण से भक्ति पैदा होती है, लेकिन आज हालात यह है कि आप सवाल पूछेंगे तो देशद्रोही हो जाएंगे और अधिक सवाल करेंगे तो आप की हत्या भी हो सकती है। सवाल पूछना मना है समय ऐसा आ गया है।

विचार के स्रोत के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि देखना एक बहुत बड़ी क्रिया है। जब हम कुछ देखा करते हैं तब हमारे मन में विचार पैदा होता है। कई बार हम आंखों से देखते हैं लेकिन कई बार कानों से सुन कर भी कोई चीज देखते हैं। नाक से महक महसूस करके और होठों से चखकर भी देखते हैं।  फिर किसी वस्तु या विषय पर अपना विचार बनाते हैं। यह साधारण क्रिया नहीं है। देखना, सोचना, प्रश्न करना और उसका समाधान ढूंढना विज्ञान संभव करता है। जिस तरह बिना विचार के विज्ञान संभव नहीं उसी तरह कविता भी संभव नहीं।

सक्सेना ने कहा कि बिना विचार के कविता फलित नहीं होती है। कविता का पहला सूत्र है, बहुत थोड़े से में बहुत ज्यादा कह देना। यदि बहुत सारे शब्द हैं और थोड़ा सा कथन है तब वह कविता है ही नहीं। दूसरा सुंदर कविता का सौंदर्य, ताल, छंद में या फिर कल्पनाशीलता में हो सकता है। यदि कविता रमणीय नहीं है तो वह स्मरणीय कैसे होगी? और अगर स्मरणीय नहीं हुई, तो सुन लिया और बस फिर खत्म। कविता जब तक आपकी स्मृति में उतर नहीं जाएगी तब तक काम नहीं करती। कविता कैसे स्मरणीय होगी इसका कोई फार्मूला नहीं है हर बार कवि एक नया अविष्कार करता है। जैसे कोई वैज्ञानिक करता है।

उन्होंने डॉक्टर संजय चतुर्वेदी की कविता को इसके उदाहरण के रूप में रखा-

सभी लोग समान हैं

सभी लोगों को है समानता का अधिकार

सभी चीजें सभी लोगों के लिए है

बाकी लोग अपने घर जाएं…।

नरेश सक्सेना ने कहा कि आजकल यह बहस होती है कि कविता छंद में है या उससे बाहर। मेरा कहना है कविता छंद में हो या ना हो, है तो वह कविता ही। उन्होंने बताया कि एक शब्द के कई पर्याय होते हैं पर कविता में सटीक शब्दों के प्रयोग से ही सौंदर्य आ सकता है। जैसे, कहीं आकाश लिखा जाना जरूरी है तो आप नभ या आसमान लिखकर काम नहीं चला सकते।

उन्होंने यह रोचक जानकारी दी कि हमारी ज्यादातर कविताएं, यहां तक कि नर्सरी कक्षाओं में बच्चों के रिदम भी ताल कहरवा में होती हैं। उसके बाद दादरा और मिश्रित धुनों में कविताएं लिखी जाती हैं।

उन्होंने नागार्जुन की कविता कई दिनों तक चूल्हा रोया चक्की रही उदास  को डायस थपथपा कर ताल कहरवा में गुनगुनाकर बताया। उन्होंने दादरा तथा दूसरे धुनों में आबद्ध कविताएं भी सुनाईं। इसके बाद उन्होंने अपनी खुद की भी कई कविताएं सुनाईं, जिस पर खचाखच भरा हाल बार-बार तालियों से गूंजता रहा।

विचार मंच के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित यह कार्यक्रम सीएमडी महाविद्यालय स्पोर्ट्स कॉमप्लेक्स सभागार में रखा गया था। कार्यक्रम में विचार मंच के संयोजक द्वारिका प्रसाद अग्रवाल ने विस्तार से बताया कि किस तरह से डीपी विप्र कॉलेज में एक छोटे से कार्यक्रम से इसकी नींव रखी गई थी। इन 25 वर्षों में जिन महत्वपूर्ण हस्तियों को उन्होंने आमंत्रित किया, उनके नाम भी उन्होंने लिए। साथ ही उन लोगों को भी याद किया जो इन 25 वर्षों से उनके साथ हैं और जो अब साथ नहीं रहे। उन्होंने बताया कि अब तक विचार मंच के 135 गोष्ठी और 25 सरगम के कार्यक्रम रखे जा चुके हैं। विचार मंच की यात्रा में सहभागी रहे लोगों को अतिथि सक्सेना के हाथों से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। माधुरी अग्रवाल ने अतिथि सक्सेना को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। स्वागत उद्बोधन विवेक जोगलेकर ने दिया। विशेष सहयोग के लिए सीएमडी कॉलेज के चेयरमेन संजय दुबे का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में बजरंग केडिया, डॉ. बी.डी. होतचंदानी, सतीश जायसवाल, बिमल दत्ता, रामकुमार तिवारी, डॉ. सत्यभामा अवस्थी, प्रथमेश मिश्रा, सविता मिश्रा, बृजेश सिंह कौशिक,  अर्पण कुमार, रघुबीर राठौर, सोमनाथ यादव, अजय पाठक, ललित अग्रवाल, वीरेन्द्र अग्रवाल, बीपी राय, राजेश दुआ, संतोष कुमार, पी रामा राव, देवेन्द्र प्रताप सिंह, मिहिर गोस्वामी सहित अन्य साहित्य प्रेमी उपस्थित थे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here