बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में एक कैदी के घातक हमले से दूसरा घायल हो गया। आरोपी कैदी ने खाने की प्लेट को काटकर हथियार बना लिया था। घायल कैदी ने बताया कि एक कैदी से उसकी पुरानी रंजिश थी, उसी ने हमला कराया। साथ ही कहा कि जेल में रंगदारी चलती है। नए कैदियों से सुविधाओं के लिए वसूली की जाती है।

घटना गुरुवार की शाम की है। एक दिन पहले बुधवार को सरकंडा का विष्णु वंशकार को पुलिस ने मारपीट के केस में गिरफ्तार किया था, जिसे कोर्ट ने जेल भेज दिया था। जेल में पहुंचने वाले बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण होता है। विष्णु वंशकार जेल के भीतर स्थित अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराने गया था। वहां से वह लौट रहा था, तभी पहले से जेल में बंद चुचुहियापारा के शेख अजहर ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने खाने के लिए दी जाने वाली थाली को काटकर हथियार बना लिया था। हमले से विष्णु का सिर फट गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। जैसे ही जेल प्रशासन को घटना की जानकारी प्रहरियों से मिली, घायल को तुरंत उपचार के लिए सिम्स चिकित्सालय रवाना किया गया। सिविल लाइन पुलिस भी जेल में कैदी पर हमले की सूचना मिलने पर पहुंच गई थी।

सिम्स में उपचार के लिए भर्ती विष्णु वंशकार ने बताया कि जेल के भीतर माली परिवार का आतंक है। बुधवार की शाम वह जेल पहुंचा था, तभी से उसे धमकी दी जा रही थी कि जेल में ही उसका काम तमाम कर दिया जाएगा। उस पर गुल्लू माली के बेटे ने पुरानी रंजिश को लेकर हमला कराया है। माली परिवार के तीन लोग जेल में बंद हैं। नए कैदी के पहुंचने पर उन्हें सुविधाएं दिलाने के लिए परिजनों से पैसा मंगाने के लिए कहा जाता है। ऐसा नहीं करने पर मारपीट की जाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here