लॉकडाउन पर 21 जुलाई से निर्णय होगा, फैसला जिला स्तर होगा

बिलासपुर। कोरोना के मामले जिले में लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। आज एक साथ 64 मामले सामने आये हैं जो एक रिकॉर्ड है। प्रदेश में सर्वाधिक केस बिलासपुर से ही आये हैं।

बिलासपुर में अब तक 431 पॉजिटिव केस आ चुके हैं, जिनमें से 162 अभी भी एक्टिव हैं। आज कोविड अस्पताल से चार मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। अब तक 267 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

दो दिन पहले चकरभाठा थाने को कोरोना संक्रमण की आशंका से सील किया गया था। यहां के एक स्टाफ के परिवार में कोरोना पॉजिटिव केस आया था। थाने के सभी स्टाफ का कोरोना टेस्ट कराया गया था। सभी के निगेटिव आने के बाद थाने को सैनेटाइज कर फिर से खोल  दिया गया है।

समीपस्थ गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले में अब तक कुल 9 पॉजिटिव केस आये हैं जिनमें से 6 स्वस्थ हो चुके हैं और 3 का उपचार चल रहा है। मुंगेली जिले में 135 पॉजिटिव केस आये थे जिनमें से 123 स्वस्थ हो चुके हैं और 12 का इलाज चल रहा है। इन दोनों जिलों में आज कोई नया मामला सामने नहीं आया।

बिलासपुर जिले में आज मिले 64 केस में शहर के 10 मरीज हैं जिनमें चार महिलायें शामिल हैं। सर्वाधिक 39 केस मस्तूरी तहसील से आये हैं जबकि बिल्हा से 13 मरीज मिले हैं।

लॉकडाउन का फैसला कलेक्टर करेंगे

छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि को देखते हुए लॉकडाउन की प्रक्रिया 21 जुलाई से फिर शुरू की जायेगी। हालांकि इसका फैसला राज्य सरकार के स्तर पर नहीं बल्कि जिला स्तर पर लिया जायेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई आज केबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

क्वारांटीन के उल्लंघन पर 1000 रुपये जुर्माना

सरकार ने कोरोना की गाइडलाइन का पालन नहीं करने पर जुर्माने की राशि तय की है। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क नहीं पहनने पर 100 रुपये, सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर 100 रुपये, सामाजिक दूरी का उल्लंघन करने पर 200 रुपये तथा होम क्वारांटीन का पालन नहीं करने पर 1000 रुपये का अर्थदंड आरोपित किया जायेगा। वैसे ये नियम पहले से ही लागू हैं इसके बावजूद हर दिन लोग इनका उल्लंघन कर रहे हैं।

प्रदेश में आज 243 नये मामले सामने आये। प्रदेश में अब तक संक्रमण के 5264 केस आ चुके हैं जिनमें 1564 केस एक्टिव हैं। 3658 स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें से 146 आज डिस्चार्ज किये गये। कोविड तथा कोविड के साथ-साथ दूसरी बीमारियों के कारण प्रदेश में अब तक 24 मौतें हो चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here