छत्रपति शिवाजी राजे सेवा समिति के साथ संयुक्त आयोजन

बिलासपुर। डॉ सीवी रामन विश्वविद्यालय की उन्नत भारत अभियान इकाई एवं छत्रपति शिवाजी राजे सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में  गोद ग्राम जोगीपुर, नवापारा, पथर्रा एवं आसपास के ग्राम सिंघरी, रानीगांव बंधवापारा में सिकलसेल जांच शिविर एवं क्षय रोग जागरूकता कार्यक्रम रखा गया। शिविर में 445 महिलाओं और बच्चों की जांच की गई। इनमें से पांच बच्चे सिकलसेल पीड़ित पाए गए।  
विश्वविद्यालय के कुलसचिव गौरव शुक्ला ने बताया कि विश्वविद्यालय लगातार अपने गोद ग्रामों में कार्य करता है। इनमें मुख्य रूप से सौर ऊर्जा स्वास्थ्य शिविर, एनसीसी, एनएसएस कैंप सहित अनेक जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। इसी क्रम में सिकलसेल जांच का शिविर तीन गोद ग्रामों में लगाया गया। सभी गोद ग्राम में अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों के सिकलसेल की जांच की जा सके। कुल सचिव ने बताया कि गोद ग्रामों में विभिन्न विकासात्मक गतिविधियां जैसे सोलर लाइट स्थापना, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, जल संरक्षण कार्यक्रम, उद्यमिता प्रशिक्षण, सिकलसेल जागरूकता कार्यक्रम, नशामुक्ति अभियान, टीबी रोग निवारण जागरूकता कार्यक्रम सतत् रूप से चल रहा है। गोद ग्रामों में बेहतर कार्य के लिए विश्वविद्यालय की उन्नत भारत अभियान इकाई को पेरेनीयल पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
उन्नत भारत अभियान समन्वयक एवं ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष  डा अनुपम तिवारी ने बताया कि गांवों में 3 से 15 वर्ष के सभी बच्चों का सिकलसेल परीक्षण किया जा रहा है। जो बच्चे पॉजिटिव आ रहे हैं, उनके समुचित इलाज की वयवस्था भी की जा रही है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव लोकेश थिटे ने बताया कि लोगों के बीच क्षयरोग नियंत्रण जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम को जोगीपुर की सरपंच राजकुमारी बिंझवार एवं पथर्रा के सरपंच नकछेद सिदार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम सफल बनाने में उन्नत भारत अभियान इकाई के छात्र-छात्रा, छत्रपति शिवाजी राजे सेवा समिति के अध्यक्ष आनंद महानिक, प्रकाश राव एवं समिति के सदस्य, संकाय अध्यक्ष डॉ. जय शंकर यादव, महेंद्र कुमार, ग्राम के पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here