बस्तर में कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन

बिलासपुर। बस्तर में भाजपा पदाधिकारियों की लक्षित हत्या और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसलापुर ओवर ब्रिज के सामने आज चक्का जाम किया।

चक्का जाम दोपहर 2 बजे से प्रदेश भर में प्रस्तावित किया गया था लेकिन यहां कार्यकर्ता काफी समय पहले पहुंच गए थे क्योंकि पूर्व मंत्री अग्रवाल इस समय एक धार्मिक प्रवचन के कार्यक्रम में व्यस्त चल रहे हैं।  जाम के दौरान लोगों को आवाजाही में दिक्कत होने लगी और बिलासपुर-मुंगेली और कोटा मार्ग बंद हो गया। कुछ स्कूली बसें भी इसमें फंस गईं। जाम के कारण जब लोगों में नाराजगी दिखने लगी तो एक घंटे के बाद ही आंदोलन समाप्त कर दिया गया।

इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा नेताओं की निर्मम हत्या के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार कुंभकरणी निद्रा में लीन है और कार्रवाई के नाम पर कोरी बयानबाजी हो रही है। बस्तर सहित पूरे प्रदेश में भाजपा की बढ़ती हुई गतिविधियों और आंदोलन से कांग्रेस में बौखलाहट है। बस्तर में जो हो रहा है, वह षड्यंत्र का हिस्सा प्रतीत होता है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में भय उत्पन्न हो।

चक्काजाम आंदोलन में भाजपा नेता गिरीश शुक्ला, अमरजीत सिंह दुआ, निखिल केशरवानी, जयश्री चौकसे, अशोक विधानी, दीपक सिंह, अजीत सिंह भोगल, जुगल अग्रवाल, अरविंद बोलर, विजय ताम्रकार, उदय मजूमदार, सुरेंद्र यादव, रमेश जायसवाल, अमित तिवारी, अमित चतुर्वेदी, नारायण गोस्वामी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here