बिलासपुर। शहर से लगी तिफरा स्थित पॉश कॉलोनी रामा वर्ल्ड में एक चोर की किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। वह एक घर से तकरीबन 6 लाख रुपए नगद और तीन लाख से अधिक के गहने चुरा कर निकलने के बाद भागने के फिराक में अपने कमर की हड्डियां तुड़वा बैठा। पुलिस ने सारी नगदी और गहनों के साथ उसे हिरासत में ले लिया।

सिरगिट्टी थाने में रामा वर्ल्ड के विवेक गोयल ने 5-6 नवंबर की 12 बजे के बाद फोन से सूचना दी कि उसके घर में चोरी हो गई है। नींद खुलने पर वह देख रहे हैं कि अलमारी में रखे 5.80 लाख रुपए नगद व सोने चांदी के करीब तीन लाख रुपयों के गहने गायब हैं। अलमारी खुली हुई है और सामान बिखरा पड़ा है। पुलिस की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ आसपास भी सर्चिंग शुरू की गई। इसी दौरान पास के एक सूने मकान में छिपा हुआ चोरी का आरोपी, अलका परिसर तिफरा निवासी राहुल गंधर्व छत से कूद गया। ऊंचाई से कूदने के कारण उसकी कमर में गंभीर चोट आई है। वह भागने की कोशिश करता, इसके पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह की टीम ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह रामा वर्ल्ड को एक महंगी और बड़ी कानूनी जानकारी यहां चोरी करने आया था। बड़ी चोरी कर के वह दूसरे राज्य में भागने की योजना बना रहा था। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

एडिशनल एसपी उमेश कश्यप व सीएसपी स्नेहिल साहू ने बताया कि कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान वहां कई खामियां पाई गई। कॉलोनी के प्रबंधक को सुरक्षा उपाय सुदृढ़ करने के लिए कहा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here