बिलासपुर। भीषण गर्मी, जल संकट और अरपा नदी में सूखे की भयावह स्थिति को लेकर चिंतित नागरिकों ने विभिन्न संगठनों के माध्यम से पांच जून को पर्यावरण चेतना जगाने का कार्यक्रम रखा है।

नेचर क्लब बिलासपुर की ओर से अरपा नदी के पुनर्जीवन हेतु जनजागरण एवं गाद निस्तारण की शुरूआत जन सहयोग से पांच जून से की जा रही है।

संयोजक प्रथमेश मिश्रा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से नदी से गाद निकालने का कार्य नागरिकों द्वारा मानव श्रम एवं मशीनों से प्रारंभ किया जायेगा। इसके पहले जनजागरूकता हेतु जल एवं नदी बचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनमें मानव श्रृंखला, चित्रकला, कविताएं, नाटक, गीत, संगीत, रंगोली, भाषण इत्यादि होंगे। आयोजन पांच जून को सुबह सात बजे से अरपा रिवर व्यू पर आयोजित है। नेचर क्लब ने बिलासा के नागरिकों से अपील की है कि उपरोक्त कार्यक्रमों में आप अधिकाधिक संख्या में स्वयं आएं एवं अपने संगठन के सदस्यों को भी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करें। उपरोक्त कार्यक्रम में हर व्यक्ति नदी बचाने के लिए अपनी भावनाएं अपने हुनर के माध्यम से प्रदर्शित कर सकता है। आयोजकों ने कहा कि वे नदी के पुनर्जीवन के इस पुनीत कार्य में शहर के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित चाहते हैं। अतएव, अरपा रिवर व्यू के कार्यक्रम में पहुंचकर सभी प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्य को निभाएं।

ऑक्सी जनसमूह की जन-जागरण रैली

पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित संगठन ऑक्सी जन समूह की ओर से भी पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीएमडी कॉलेज मैदान से अरपा रिवर व्यू तक जन जागरण रैली आयोजित की जा रही है। संस्थापक सदस्य डॉ. देवेन्द्र सिंह ने बताया कि पांच जून को सुबह 6 बजे रैली सीएमडी कॉलेज मैदान से अरपा के लिए रवाना होगी। उन्होंने शहर के बेहतर भविष्य और आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ बेहतर करने के लिए लोगों से इस आयोजन में भागीदार बनने की अपील की है।

अपील में कहा गया है कि वनों की कटाई, जल के प्राकृतिक स्त्रोतों का विलुप्त होना, ओजोन लेयर का कम होना, भूजल स्तर का नीचे जाना, इन सबका वैश्विक तापमान पर असर पड़ रहा है। ग्लेशियर के पिघलने से जमीन का क्षेत्रफल घट रहा है। पक्षियों, जीव जंतुओं की पीढ़ी खत्म हो रही है, इस भयावह स्थिति को रोकने व उसमें सुधार करने की आवश्यकता है।

-0-0-

-0-0-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here