जिले में एक ही दिन में 50 मामले, ईद, राखी पर ढील मिलने को लेकर कयास

बिलासपुर। कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिये लॉकडाउन से गुजर रहे बिलासपुर जिले में आज ही दिन में 50 नये मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से केन्द्रीय जेल के मामले सर्वाधिक हैं। यहां 20 कैदियों और प्रहरियों को कोरोना की पुष्टि हुई है। शनिवार को भी यहां चार कैदी और जेल अस्पताल के एक कर्मचारी को कोरोना की पुष्टि हुई थी। रविवार को जेल के एक ड्राइवर को कोरोना की पुष्टि हुई थी। जेल स्टाफ के कुछ परिजनों में भी संक्रमण की बात आ रही है जिन्होंने स्वयं से अपना परीक्षण कराया और खुद से घर पर ही क्वारांटीन पर हैं।

बिलासपुर जिले में कोरोना की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। आज एक साथ रिकॉर्ड 50 केस की पुष्टि हुई है। सर्वाधिक चिंता केन्द्रीय जेल में कोरोना के फैलाव को लेकर है। यहां 2000 से अधिक कैदी निरुद्ध हैं, जबकि जेल की क्षमता 1600 ही है। स्थिति यह है कि बाकी जगहों की तरह जेल के भीतर कोई कंटेनमेन्ट जोन नहीं बनाया जा सकता न ही कैदियों के सम्पर्क में आने वालों को इतनी बड़ी संख्या में क्वारांटीन करने की कोई व्यवस्था की जा सकती है। बताया जाता है कि स्थिति की जानकारी जेल महानिदेशक को दी गई है, मंगलवार को इस पर कोई निर्णय हो सकता है। जेल में अन्य कैदियों का भी सैम्पल कलेक्शन कल से किया जायेगा।

जिले में सर्वाधिक मामले मस्तूरी जिले से आ रहे हैं। आज यहां से फिर 20 मरीजों की पुष्टि हुई है। यहां करीब एक लाख प्रवासी मजदूर दूसरे प्रांतों से आये थे। शेष मरीज बिल्हा और चकरभाठा के बताये गये हैं। बिलासपुर जिले में अब तक 580 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। रविवार को यहां से 58 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया था। आज भी 16 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। अब जिले में कोरोना के  151 एक्टिव केस हैं।

बिलासपुर जिले से लगे गौरैला-पेन्ड्रा-मरवाही में स्थिति में कुछ सुधार आया है। स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार अब तक 14 संक्रमण के केस यहां मिले जिनमें से 9 स्वस्थ हो चुके हैं और 5 का इलाज चल रहा है। मुंगेली जिले में इस समय 32 एक्टिव केस हैं। यहां अब तक 166 संक्रमित मिल चुके हैं जिनमें से 134 स्वस्थ भी हुए हैं।

बिलासपुर में नौ दिन के लिये लॉकडाउन घोषित किया गया था जो 31 जुलाई की शाम चार बजे तक के लिये है। इसके अगले ही दिन बकरीद का त्यौहार है। इसके बाद तीन अगस्त को रक्षाबंधन पर्व है। आज दोपहर जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर से अलग-अलग मुलाकात कर लॉकडाउन की स्थिति के बारे में चर्चा की थी। कलेक्टर ने संक्रमण के फैलाव की स्थिति को देखते हुए निर्णय की बात कही थी। इसके बाद केबिनेट की बैठक में तय किया गया कि संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आने के कारण रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग आदि जिलों में लॉकडाउन 6 अगस्त तक बढ़ाया जा सकता है। हालांकि बिलासपुर कलेक्टर ने कोई नया आदेश जारी नहीं किया है। इस सम्बन्ध में मंगलवार को स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है क्योंकि कोई भी नया लॉकडाउन लगाने का आदेश तीन दिन पहले जारी किया जाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here