कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरोसे का सम्मेलन में जांजगीर पहुंचे

प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज पहली महिला सांसद मिनीमाता के नाम पर होगा- बघेल

जांजगीर-चांपा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के खोखरा में आयोजित ’भरोसे का सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि जो भरोसा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार ने आपको दिया था उसे पूरा करके उन्होंने दिखाया। छत्तीसगढ़ सरकार निडर होकर गरीबों, मजदूरों और कमजोर वर्ग के लोगों का उत्थान करने के संकल्प को पूरा करने का कार्य कर रही है। आज यहां का प्रत्येक नागरिक संतुष्ट है।
मुख्यमंत्री बघेल ने ’भरोसे के सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि जांजगीर-चांपा में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नामकरण प्रथम महिला सांसद मिनीमाता के नाम पर होगा। उनका निर्वाचन क्षेत्र जांजगीर-चांपा रहा है। यहां 25 एकड़ में मेडिकल कॉलेज बनेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ी में कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी हमने जनता से किया अपना वादा निभाया। हमारी सरकार किसानों के साथ खड़ी है। कर्जमाफी, धान खरीदी का वादा हमने निभाया। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की अगली किश्त किसानों के खातों में आएगी।
मुख्य मंच पर खड़गे का गजमाला सहित जांजगीर-चांपा की प्रसिद्ध कोसा शाल और खुमरी पहनाकर मुख्यमंत्री बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, राज्य के उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, सांसद दीपक बैज सहित अतिथियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
इसके पहले मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट में खड़गे की अगवानी की और हेलीकॉप्टर में उन्हें लेकर जांजगीर पहुंचे। खोखरा पहुंचने पर अतिथियों का कर्मा नृत्य और झांझ मंजीरे के साथ स्वागत किया गया।
खड़गे ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद से हमारी सरकार ने एम्स बनाया, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी खोली। बड़े बड़े कारखाने, टेक्सटाइल यूनिट बनाए, औद्योगीकरण को बढ़ावा दिया। देश को आगे बढ़ाने का काम किया। पंडित जवाहर लाल नेहरू और सरदार वल्लभ भाई पटेल ने पब्लिक सेक्टर को मजबूती देने का काम किया। भांगड़ा नागल, हीराकुंड बांध से लेकर भिलाई इस्पात संयंत्र हमारी सरकार ने बनाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम लाकर  गरीब एवं आम जनता को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने सभी वर्गों के हितों के लिए कार्य किया, किसानों का कर्ज माफ किया। छत्तीसगढ़ सरकार न्याय योजना पर बेहतर ढंग से कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ की सरकार न्याय योजनाओं से समाज के अलग अलग वर्गों को सीधे लाभान्वित करने का काम कर रही है। पूरे देश में इस तरह की यह अपने आप में अकेली योजना है।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री और मुख्य अतिथि ने जिलेवासियों को 467 करोड़ 32 लाख 92 हजार रुपए के कुल 1043 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 87 करोड़ 24 लाख 21 हजार रुपए से अधिक के 192 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 379 करोड़ 78 लाख 71 हजार से अधिक रुपए के 851 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने जांजगीर में कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कृषि उपज मंडी परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। भरोसे के सम्मेलन में 627 हितग्राहियों को चिटफंड कंपनियों में उनके द्वारा निवेश की गई  44 लाख 56 हजार रुपए की राशि वापसी का चेक सौंपा गया। इसके साथ ही अन्य हितग्राहियों को राज्य  शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत सहायता राशि और सामग्री वितरित की गई।
अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल में लगाए गए विभिन्न विभागीय योजनाओं के स्टॉलों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने स्टॉल में प्रदर्शित शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में खड़गे को जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here