जिले के प्रभारी सचिव मंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा

बिलासपुर। संभाग में वृहद स्तर पर पौधारोपण की योजना बनाई गई है। सभी गौठानों और चारागाहों में इसे संचालित किया जायेगा। किसानों को इसके लिए पौधे भी वितरित किये जाएंगे। बिलासपुर सीमा पर अरपा नदी के दोनों ओर सघन वृक्षारोपण का काम शुरू किया जा रहा है। वन विभाग वृक्षारोपण के इच्छुक लोगों को घरों तक पौधा पहुंचाने की योजना पर काम कर रहा है।

अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, वन विभाग एवं जिले के प्रभारी सचिव आर.पी.मंडल की अध्यक्षता में शनिवार को रखी गई संभाग स्तरीय अधिकारियों की कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक में यह बात कही गई। मंडल ने वृहद स्तर पर वृक्षारोपण के लिये पौधे वितरण का अभियान प्रारंभ करने और शत-प्रतिशत गौठानों और चारागाहों में वृक्षारोपण करने का निर्देश दिया। साथ ही नरवा विकास योजना के तहत वैज्ञानिक तरीके से नालों का ट्रीटमेंट करने का निर्देश दिया।
मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मंडल ने संभाग के सभी जिला कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, डीएफओ को निर्देशित किया कि तय करें कि वे अपनी निगरानी में कितने पेड़ लगायेंगे। हर गौठान में कम से कम 400 और हर चारागाह में कम से कम 2000 पेड़ लगाये जायें। सभी जिला कलेक्टरों को इसकी माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लगाया गया हर पेड़ जीवित रहे यह भी सुनिश्चित करें।

मंडल ने नदी तट पर वृक्षारोपण के लिये पैच चिन्हांकित करने और वहां सघन वृक्षारोपण करने कहा। मनियारी, शिवनाथ, शबरी, खारून तथा अरपा नदी के तटों पर वृक्षारोपण किया जायेगा। उन्होंने अरपा नदी के तट पर बिलासपुर से लगे हुए पैच में सघन वृक्षारोपण करने कहा। उन्होंने बताया कि हरियर छत्तीसगढ़ योजना, मनरेगा और वन विभाग के विभागीय मद से प्लांटेशन किया जायेगा। सभी डीएफओ को प्लांटेंशन के लिये जगह उपलब्ध कराने और सुरक्षा का इंतजाम करने कहा।
वृक्षारोपण के लिये घर पहुंच सेवा उपलब्ध होगी
बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्ष राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि घरों में पेड़ लगाने के इच्छुक लोगों को घर तक जाकर पौधे उपलब्ध कराये जायेंगे। एक फोन पर उन्हें यह सेवा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा रायपुर में चालू की गई है और प्रदेश के प्रत्येक जिले में भी होगी। उन्होंने मुख्य वन संरक्षक और संभाग के सभी डीएफओ को निर्देश दिया कि तत्काल यह सेवा शुरू करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें। मनरेगा के तहत तैयार पौधों का निःशुल्क वितरण दो दिन के भीतर प्रारंभ करने कहा।
शहरों में सिटी फारेस्ट 2 अक्टूबर तक बनाएंं जाएंगे
प्रभारी सचिव मंडल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जिले में 10-15 एकड़ जमीन चिन्हांकित कर सिटी फारेस्ट बनाया जाए। शहरों मंे बनाये जाने वाले सिटी फारेस्ट 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तक बनकर तैयार हो जाये। ये सिटी फारेस्ट गांधी आक्सी टाउन के नाम से जाने जायेंगे।
नरवा विकास योजना में होगा नालों का उपचार
मंडल ने बताया कि नरवा विकास योजना के तहत वैज्ञानिक तरीके से नालों का उपचार कर उसे खेती और जलस्तर बढ़ाने के लिये लाभदायक बनाया जायेगा। उन्होंने ऐसे नालों का चिन्हांकन करने का निर्देश दिया जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिले।
बैठक में नाले की चयन प्रक्रिया, बेस लाईन सर्वे, ट्रीटमेंट एरिया का चिन्हांकन आदि के संबंध में प्रेजेंटेंशन प्रस्तुत किया गया। सभी जिला कलेक्टर और डीएफओ ने वृक्षारोपण के लिये उनके जिलों मंे निर्धारित लक्ष्य की जानकारी दी।
बैठक में संभागायुक्त बी.एल.बंजारे, मुख्य वन संरक्षक, कलेक्टर बिलासपुर डॉ.संजय अलंग, कलेक्टर मुंगेली डॉ.सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे, कलेक्टर कोरबा किरण कौशल, जांजगीर कलेक्टर जनक पाठक, रायगढ़ कलेक्टर यशवंत कुमार, सभी जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, डीएफओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here