कलेक्टर ने शहर में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण

बिलासपुर। कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने शहर में चल रहे विभिन्न अधूरे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ उन्होंने इसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

तिफरा फ्लाईओवर के निर्माण में आ रही तकनीकी बाधा को रेलवे के साथ मिलकर शीघ्र दूर करने और  इसका निर्माण शीघ्र पूरा करने उन्होंने कहा। कलेक्टर ने व्यापार विहार, स्मार्ट सड़क, राजेन्द्र नगर में निर्माणाधीन बाल उद्यान, प्लेनेटोरियम व बंधवा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया।

मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि व्यापार विहार सड़क का कार्य 15 प्रतिशत बाकी है। कलेक्टर ने इस कार्य को एक माह में पूर्ण करने कहा। व्यापार विहार में निर्माणाधीन प्लेनेटोरियम 200 सीटर होगा। इसमें दो लेक्चर हाल, ऑफिस रूम एवं कैफेटेरिया बनाया जा रहा है। साथ ही बाहर गार्डन में अर्बन फारेस्ट भी निर्मित किया जाएगा। कलेक्टर ने यहां फलदार एवं फूलदार पेड़ जैसे जामुन, जाम, नीम, शीशम, बरगद, पीपल के साथ-साथ अमलतास के पौधे लगाने कहा। कलेक्टर ने प्लेनेटोरियम के बाहर बनाये जा रहे गार्डन एवं तालाब का भी जायजा लिया और निर्देश दिया कि इस कार्य को भी जल्द पूरा करें। राजेन्द्र नगर में एक करोड़ 25 लाख की लागत से बनाए जा रहे नेहरू बाल उद्यान में वाटर फाल, पेरीफेम फाउन्टेन, बैम्बूलाईटिंग, प्लांटेशन, किड्स जोन एवं पाथवे का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने हेमू नगर में स्थित बंधवा तालाब के सौंदर्यीकरण का भी निरीक्षण किया। तालाब का सौंदर्यीकरण 5 करोड़ की लागत से पब्लिक प्राईवेट पाटर्नरशीप मोड से किया जा रहा है। कलेक्टर ने पूरे क्षेत्र का बारीकी से देखा। यहां पर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, प्ले जोन, ओपन जिम, बोट प्लेटफार्म, बोटिंग, फूड स्टाल जैसी अन्य सुविधाएं शहर के नागरिकों को देने की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर ने यहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट शीघ्र शुरू करने कहा। उन्होंने व्यवस्थित पार्किंग, पाथवे में लाईटिंग, पिचिंग, डिसिल्टिंग के साथ अन्य आवश्यक निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम देवेन्द्र पटेल, नगर निगम के अधीक्षण अभियंता सुधीर गुप्ता एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here