बिलासपुर। दुबई एक्सपो 2020 में  दुनियाभर की दिग्गज कंपनियों के उत्पाद के साथ नई तकनीक और इनोवेशन का संगम हो रहा है। 6 महीने चलने वाले विश्व के सबसे बड़े व्यापार मेले में 190 से ज्यादा देश शामिल हुए हैं। सभी के अपने अलग-अलग पैवेलियन है। हर देश अपनी बढ़ती ताकत और क्षमता से दुनिया को रुबरू कराने के लिए यहां इकट्ठा हुआ है।.

फिक्की के अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत की ओर से जैविक खेती से जुड़ी करीब 10 संस्थाओं ने प्रतिनिधित्व किया।  17 से 23 फरवरी तक चले जैविक सप्ताह का भारत सरकार के कृषि विभाग के सचिव अभिलाष  लेखी, संयुक्त  सचिव  शुभा ठाकुर व फिक्की डायरेक्टर टी केशवन ने उद्घाटन किया ।

विश्व के इस सबसे बडे मेले में बिलासपुर छत्तीसगढ के जैविक किसानों की संस्था फार्मर प्राइड को शामिल किया गया। संस्था  से संदीप शर्मा, श्रद्धा यमकर, सौरभ सिंह इस आयोजन में  शामिल हुए। अंतरराष्ट्रीय स्तर  पर फार्मर प्राइड के सभी 40 जैविक उत्पादों को पसंद किया गया। दुबई, ओमान, लंदन समेत चार देशों में अगले कुछ महीनों में व्यापार की अच्छी संभावना बनने से संस्था से जुड़े सभी जैविक किसानों का उत्साह बढ़ा है।

कोरोना  महामारी के बाद से भारत में जैविक उत्पाद बाजार 20 प्रतिशत  की दर से  बढ़ रहा है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता इसका सबसे बड़ा कारण है।  हानिकारक रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान को देखते हुए भी किसानों का रूझान जैविक खेती की ओर हो रहा है। फार्मर प्राइड  संस्था पिछले 20 वर्षों से जैविक खेती को बढावा देने के उद्देश्य  से कार्यरत  है। 12  राज्यों में फैले 200 जैविक किसानों के लगभग 100 जैविक उत्पादों की मार्केटिंग कर वह किसानों का सहयोग कर रही है।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष  ओम विरला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। फिल्म अभिनेता सलमान खान, रणवीर कपूर, बोमन  ईरानी, आर माधवन समेत कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल हुईं। इस दौरान फिल्म संगीतकार  ए आर रहमान ने भी अपनी प्रस्तुति दी। नवंबर  से अभी तक भारतीय पैवेलियन में एक करोड़ से ज्यादा दर्शको ने अपनी उपस्थिति दर्ज की है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here