राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय को उनके जन्मदिन पर बधाई देने आज सुबह से ही राज्य अतिथि गृह पहुना में लोगों की भीड़ रही। उनके मंत्रिमण्डल के सहयोगियों, जनप्रतिनिधियों, ईष्ट मित्रों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में पहुना में पहुंचे आम नागरिकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और मंगलमय जीवन की कामना की।

राजधानी रायपुर के अलावा प्रदेश के दूरदराज अंचल से भी लोग बड़ी संख्या में सुबह से ही पहुंचे थे। इस मौके पर सुबह पहुना पहुंचने वालों में वन मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल, विधायक पुरन्दर मिश्रा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा सहित सच्चिदानंद उपासने, सुनील कुकरेजा, लोकेश कावड़िया, सुनील रामदास अग्रवाल, अरूणधर दीवान, अब्राहम तिर्की, पीयूष मिश्रा,  नीलकंठ महाराज, नरेन्दर सिंह सलूजा, सोनू सलुजा, शंकर लाल दानवानी, डॉ. अजय त्रिपाठी आदि शामिल थे।

साय ने जन्मदिन के अवसर पर ग्राम बगिया निवास में आज अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय एवं परिजनों के साथ अपने गुरु धनपति पंडा की विशेष पूजा की। मुख्यमंत्री हर साल अपने जन्मदिन पर गुरु की पूजा करते हैं।

बगिया स्थित निवास में अपनी माता जसमनी साय से उन्होंने आशीर्वाद लिया। उनकी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय ने उनका आरती उतारी और दीर्घायु होने की कामना की। आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में आए लोगों जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, बारी-बारी से फूल देकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। कई लोगो ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

गृह ग्राम बगिया में आयोजित आशीर्वाद समारोह में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज सभी का आशीर्वाद, प्यार, स्नेह पाकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। आपसे मिले स्नेह के इस ऋण को चुकाने के लिए मेरे पास शब्द भी नहीं है। आपका आशीर्वाद हमेशा मिलता रहेगा, यही कामना है। उन्होंने कहा कि आप सभी मेरी ताकत हैं और यही ताकत राज्य में मोदी की गारंटी को पूरा करेगी। राज्य को विकास की राह पर ले जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विशिष्टजनों का आशीर्वाद और शुभकामनाएं पाकर अभिभूत हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here