बिलासपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी की दूसरी कड़ी के प्रसारण को बैगा छात्रावास की छात्राओं ने उत्साह से सुना। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सी.एल जायसवाल भी उनके साथ प्रसारण सुनने के लिए मौजूद थे।

लोकवाणी में मुख्यमंत्री ने शतप्रतिशत साक्षरता के लिए जनभागीदारी की अपील लोगों से की। सुदूर वनांचल क्षेत्रों से आकर बैगा छात्रावास में रहते हुए अपनी शिक्षा पूरी कर रही छात्राओं ने मुख्यमंत्री द्वारा कही गई बातों को गंभीरता से सुना। दसवीं की छात्रा सावित्री बैगा जो ग्राम देवरगांव विकासखंड गौरेला की है, उसने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इतना हम लोगों के लिए सोचते हैं, तो हम लोग को भी शिक्षित होने और आगे बढ़ने के लिए सोचना चाहिए। सावित्री ने कहा कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद गांव जाएगी तो अपने समुदाय बैगा जनजाति जो अति पिछड़ी जनजाति है, उनके बीच शिक्षा और जागरूकता के लिए काम करेगी। कोटा विकासखड की ग्राम करपिहा की दीपिका बैगा भी इसी तरह का विचार रखती है। ग्राम लुफा की मिनाक्षी बैगा ने  कहा कि सरकार द्वारा उनके लिए बहुत सुविधाएं दी गई हैं। जिसका फायदा उठाकर वह अपनी उन्नति करना चाहती और अपने माता पिता का नाम भी रौशन करना चाहती है। युवा अपना कौशल विकसित करें इसके लिए सिस्टम बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बात से उसे बहुत प्रसन्नता हुई है। संगीता बैगा, सुशीला बैगा, सोमा बैगा एवं अन्य छात्राओें ने भी लोकवाणी के प्रसारण को सुना और भविष्य में आगे बढ़ने के लिए पे्ररित हुई है।
सहायक आयुक्त सी.एल. जायसवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए अपनी शिक्षा पर गंभीरता से ध्यान देने और शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का उपयोग कर आगे बढ़ने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया।
बघेल ने आज लोकवाणी कार्यक्रम में श्रोताओं के शिक्षा से संबंधित सवालों का जवाब देते हुए जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने शिक्षकों का आव्हान कर कहा कि शिक्षक-शिक्षकों की बच्चों का भविष्य गढ़ने में महती भूमिका है। आज की पीढ़ी के बच्चों का भी भविष्य गढ़ने और प्रदेश की विकास मार्ग पर और आगे ले जाने अपनी भूमिका का सकारात्मक निर्वहन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद शिक्षा कर्मियों को 18 साल बाद स्थानांतरण की सुविधा मिली। शासन द्वारा 1.25 लाख शिक्षकों का संविलियन किया गया। व्यापमं के माध्यम से 15 हजार शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों की नियमित भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। राज्य सरकार शिक्षा से संबंधित समस्या के समाधान का काम कर रही है।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सहायक प्राध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया न्यायालय से स्टे होने के कारण रूक गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की हर भर्ती विधिसम्मत हो। उन्होंने कहा कि वादी का पक्ष न्यायालय के समक्ष शीघ्र प्रस्तुत किया जाएगा।

डीजी दुनिया से बनेगा छत्तीसगढ़ डिजिटल साक्षर

मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 से 60 वर्ष तक की उम्र के लोगों को डिजिटल साक्षर बनाने का काम किया जा रहा है। डी.जी.दुनिया के नाम से राज्य के 436 हाई और हायर सेकेंडरी शालाओं में ई. क्लास रूम और ई लैब प्रारंभ किया जा रहा है। मोबाइल में सभी पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराए जाएंगे। बिना इंटरनेट के मोबाइल से पठन की सुविधा होगी। बघेल ने बताया कि राज्य के पिछड़े क्षेत्रों में सात मॉडल कालेज सहित करीब दो दर्जन कालेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। उन्होंने युवकों का आह्वान कर कहा कि वे अपने आप को नौकरी तक सीमित न रखें। हर क्षेत्र में आगे बढ़ें। खेलों के विकास के लिए राज्य में खेल प्राधिकार का गठन किया जा रहा है।

बेरोजगारी घटी, वाहनों की बिक्री बढ़ी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उद्योग एवं व्यापार को सरल बनाने अनेक नीतिगत निर्णय लिए गए हैं। हर साल व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नवीनीकरण का प्रावधान समाप्त किया गया है। राज्य में जनवरी 2019 से अप्रैल 2019 की अवधि में बेरोजगारी दर में कमी आई है। आटोमोबाइल के क्षेत्र में वाहनों की बिक्री बढ़ी है जो मार्च 2019 में 36.75 प्रतिशत पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने आज की लोकवाणी कार्यक्रम में युवाओं के और अन्य सवालों के समाधान कारक जवाब दिए।
आगामी लोकवाणी का प्रसारण 13 अक्टूबर 2019 करो सुबह 10.30 से किया जाएगा। इसका विषय स्वास्थ्य एवं मातृत्व विकास होगा। इस अंक के लिए 28, 29, 30 सितंबर तक दोपहर 3 से 4 बजे तक श्रोता 0771-243501 पर संपर्क कर अपने विचार रख सकतें हैं।
लोकवाणी के सामूहिक श्रवण के लिए अतिरिक्त कलेक्टर बी.एस. उईके, सहायक कलेक्टर देवेश ध्रुव, एस.डी.एम. बिलासपुर श्री देवेन्द्र पटेल, नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे।

बिहारी की बेटी अब 12वीं तक पढ़ाई पब्लिकस्कूल में करेंगीं,

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मासिक वार्ता लोकवाणी के माध्यम से बंधवापारा, बिलासपुर बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री का आभार प्रगट किया था क्योंकि इसकी पुत्री को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत् 8 कक्षा से आगे पढ़ने का अवसर मिला है। जायसवाल की पुत्री का दाखिला आरटीई के तहत डीएवी स्कूल बिलासपुर में हुआ था। उसने इसी वर्ष आठवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। बिहारी और उसका परिवार निराश था कि अब आगे की पढ़ाई उसकी पुत्री अच्छे स्कूल में नहीं कर पाएगी। परंतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर आरटीई के तहत निःशुल्क शिक्षा के अधिकार का विस्तार हुआ और 12 वीं तक की शिक्षा निःशुल्क देने का निर्णय लिया गया। सरकार के इस निर्णय के फलस्वरूप जायसवाल की पुत्री अब उसी स्कूल में कक्षा 9 वीं में पढ़ रही है। जायसवाल ने अपने संदेश में मुख्यमंत्री का आभार प्रगट किया था। लोकवाणी की दूसरी कड़ी में आज उनके संदेश का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल उनकी ही पुत्री नहीं बल्कि प्रदेश के चार हजार बच्चों को इसका लाभ मिला है। अब ये बच्चे नौवीं क्लास में पढ़ रहे हैं और ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। लोकवाणी के इस प्रसारण को बिहारी और उसके पड़ोसियों ने टी.वी. चैनल के माध्यम से सुना अपनी खुशी का इजहार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here