तखतपुर (टेकचंद कारड़ा)। विधवा व परित्यक्ता महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर हत्या करने के आरोपी व उसके साथी को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डेढ़ साल में उसने दूसरी हत्या की है और तीसरी हत्या के फिराक में था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिये आरोपी ने एक ही तरीका अपनाया और एक ही जगह पर हत्यायें कीं। दोनों महिलायें बिलासपुर की हैं।
हत्या के आरोपी मुंगेली पुलिस की गिरफ्त में।

मुंगेली के एडिशनल एसपी के पी चंदेल ने बताया कि बीते 3 नवंबर को सिंघनपुरी के देवव्रत सिंह के खेत में एक क्षत-विक्षत लाश मिलने की सूचना आई थी। डीएसपी मोनिका सिंह के नेतृत्व में पुलिस पहुंची और लाश की स्थिति देखने के बाद हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल से एक महिला की फोटो मिली, जिसे अपराधी ने पुलिस को चकमा देने के लिये छोड़ा था। खोजबीन के बाद चिंगराजपारा बिलासपुर में उस महिला तक पुलिस पहुंच गई। उसने बताया कि उसकी तस्वीर कुछ समय पहले कुकुरहटा (फास्टरपुर) के संतू साहू (35 वर्ष) ने खींचा था। यह महत्पूर्ण सुराग मिलते ही पुलिस ने संतू साहू को हिरासत में ले लिया। उसने हत्या का राज उगल दिया। साथ ही यह बताया कि 22 जुलाई 2019 को भी वह एक महिला की हत्या सिंघनपुरी के उसी खेत में कर चुका है। जिस महिला की तस्वीर घटनास्थल पर उसने छोड़ी थी, उसकी भी वह हत्या करना चाहता था। आरोपी ने बताया कि मृतक कोइलारी छटन (मुंगेली) की विवाहित महिला शिवकुमारी साहू (30 वर्ष) के साथ उसका प्रेम सम्बन्ध था। इस बीच शारीरिक सम्बन्ध भी बने। महिला इसके बाद उससे शादी करने के लिये दबाव बनाने लगी। रास्ते से हटाने के लिये उसे घुमाने के बहाने वह खुड़िया बांध ले गया। उसके साथ उसका साथी शुभम वैष्णव भी था। सभी एक ही बाइक पर निकले और पूर्व योजना के मुताबिक देवव्रत सिंह की खेत में ले जाकर उसकी गमछे से गला घोटकर हत्या कर दी।

इस हत्या का खुलासा होने पर इसी जगह पर बीते साल जुलाई माह में मिली अज्ञात महिला की लाश के बारे में पुलिस ने आरोपी संतू साहू से पूछताछ शुरू की। आरोपी ने बताया कि वह जोरापारा बिलासपुर की रुखमणी राजपूत (32 वर्ष) की लाश थी।  21 जुलाई 2019 से वह महिला गायब थी। परिजनों ने उसकी खोजबीन की पर पुलिस में कहीं रिपोर्ट दर्ज नही कराई थी। आरोपी संतू साहू का इसके साथ प्रेम सम्बन्ध था। उसने 15 हजार रुपये बीसी के लिये ले रखा था, जिसे संतू साहू वापस मांग रहा था। महिला पैसे देने से इंकार कर रही थी। फिर अपने साथी शुभम् वैष्णव के साथ वह महिला को लेकर लोरमी, खाम्ही आदि घूमती रही। बाद में योजना के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी और लाश घसीटकर उसी खेत में फेंक दी। मृतक रुखमणी की तस्वीर उसके भाई मोहन राजपूत ने पहचान ली जो पुलिस ने घटना के बाद खींच ली थी।

संतू साहू ने योजना बनाई थी कि जिस महिला की तस्वीर उसने छोड़ी है उसे लोग मृतक महिला समझ लें और उसकी भी बाद में हत्या कर दे। यही तस्वीर पुलिस तक पहुंचने का सुराग बनी। पुलिस ने धारा 302 और 201 के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here