गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जिसमें सोमवार देर रात कार सवार युवकों ने ग्रामीणों को कुचल दिया। इसके चलते 4 साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। 4 को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।हादसे के बाद ग्रामीणों को गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मंगलवार सुबह मालगांव के पास नेशनल हाईवे-130 सी जाम कर दिया है। इसके चलते देवभोग-ओडिशा मार्ग बंद है।

जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात करीब 10.30 बजे की है। मालगांव में रावण दहन के बाद ग्रामीण अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान ढाबे पर खाना खाने जा रहे कार सवार 4-5 युवकों से उनका विवाद हो गया। इसके बाद युवक वहां से निकल गए। देर रात युवक खाना खाकर लौटने लगे तो ग्रामीणों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर युवकों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और ग्रामीणों को कुचलते हुए निकल गई।

बताया जा रहा है कि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और कांग्रेस नेत्री ममता राठौर के बेटे ने लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए सड़क पर चल रहे दर्जन भर लोगों को कुचल दिया। इस घटना में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 11 लोग जख्मी हुए हैं। मृत बच्चे की उम्र 4 साल बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया, ग्रामीण मालगांव से दशहरा उत्सव देखकर वापिस लौट रहे थे। आरोपी युवक रोमित राठौर ने तेज गति से कार दौड़ाते हुए सड़क पर चल रहे दर्जन भर लोगों को कुचल दिया। इसमें गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रायपुर रिफर किया गया है। बताते हैं, आरोपी युवक की सड़क पर चल रहे ग्रामीणों से विवाद हुआ था। इसके बाद युवक ने तेजी से गाड़ी दौड़ा दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल जांच चल रही है।
खबर ये भी है कि घटना के बाद भड़के ग्रामीण आठ किलोमीटर पैदल चलकर कांग्रेस नेत्री के घर पहुंचकर तोड़फोड़ कर दी।ग्रामीणों ने गरियाबंद के पास नेशनल हाईवे पर आज चक्का जाम कर दिया है। ग्रामीण पुलिस पर कठोर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। गरियाबंद में तनाव की स्थिति है। पूरा शहर छावनी में तब्दील हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here