मरवाही कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. ध्रुव के नामांकन दाखिले के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यकर्ताओं की सभा ली

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में मरवाही विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशी डॉक्टर के के ध्रुव ने आज अपना नामांकन दाखिल किया।
इस मौके पर आयोजित सभा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि मरवाही का कमिया मरवाही छोड़कर दूसरी पार्टी में चला गया था लेकिन कांग्रेस ने कभी मरवाही को नहीं छोड़ा। कांग्रेस और मरवाही का स्वर्गीय भंवर सिंह पोर्ते के समय से नाता है और आज भी कायम रहेगा। मैंने पद यात्रा के दौरान आप सब से वादा किया था कि सरकार कांग्रेस की बनेगी तो गौरेला-पेंड्रा मरवाही को जिला बना दूंगा। सरकार बनने के बाद केवल एक इसी जिले की घोषणा हुई। मैंने अपना वादा निभाया। मरवाही के विकास में कोई कमी कांग्रेस की ओर से नहीं रहेगी। छत्तीसगढ़ सरकार सुदूर आदिवासियों की सरकार है। तेंदूपत्ता हमारी प्राथमिकता में है। किसानों को कर्जा माफ करने वाली देश की एकमात्र सरकार है। 2500 समर्थन मूल्य पर धान खरीद रही है। 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सभी किसानों को राजीव गांधी नया योजना की राशि दे रही है। तीसरी किश्त एक नवंबर को प्राप्त होगी। नौजवानों के लिए भर्ती करने का काम सरकार कर रही है। पुलिस की भर्ती, शिक्षकों की भर्ती, अध्यापकों की भर्ती प्रारंभ कर दी गई है। कोरोना काल के बाद भी पूरे देश में छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति सबसे ऊपर है। सितंबर माह सर्वाधिक जीएसटी का रिकार्ड प्रदेश ने बनाया है। बघेल ने अपील की कि 20 साल से सेवा कर रहे डॉक्टर को विधायक बना कर सेवा करने का मौका दीजिए। वे जनप्रतिनिधि के रूप में भी सेवा करेंगे और डॉक्टर के रूप में भी।
सभा को संबोधित करते हुए मोहन मरकाम ने विस्तारपूर्वक सरकार की योजनाओं को बताया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद हुए दोनों उप-चुनाव में कांग्रेस जीती है अब तीसरे की बारी है। 69 विधायक वर्तमान में हैं 70 वां विधायक आप देंगे। डॉक्टर के के ध्रुव समाज सेवक है। जीत के अभी तक के रिकॉर्ड को तोड़ने का काम कांग्रेस के कार्यकर्ता करेंगे ऐसा मेरा विश्वास है ।
नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी लोग केशव कुंज पेंड्रा पहुंचे और वहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। मुख्यमंत्री प्रदेश के साथ क्षेत्र के सांसद ज्योत्सना महंत वरिष्ठ मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी अटल श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, संगठन प्रभारी महामंत्री चन्द्रशेखर शुक्ला, जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता अध्यक्ष एनएसयूआई अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान सहित प्रदेश से बड़ी संख्या में विधायकों ने हिस्सा लिया। सरगुजा, बस्तर, दुर्ग, रायगढ़, रायपुर जांजगीर, कोरबा, बिलासपुर के विधायक शामिल थे। सभा का संचालन अटल श्रीवास्तव ने तथा आभार प्रदर्शन जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम को सांसद ज्योत्सना महंत, प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here