कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी के छोटे भाई युवा व्यवसायी अजय केशरवानी का कोविड-19 संक्रमण से 6 मई की रात निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह मुझे हमेशा बड़े भाई की तरह सम्मान देते थे। वे सरल व सहज स्वभाव के थे। समाज में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन से उन्हें निजी क्षति हुई है।

संसदीय सचिव रश्मि सिंह ठाकुर, विधायक शैलेश पांडे, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान सहित अनेक कांग्रेसी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अजय एक युवा होनहार व सफल व्यवसायी थे। उन्होंने अपनी लगन से व्यवसाय को एक नई ऊंचाई दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी राजनीति में व्यस्त होने के कारण परिवार व व्यवसाय को ज्यादा समय नहीं दे पाते थे और पूरी जवाबदारी अजय के कंधों पर थी। वह कोरोना महामारी से लगभग 15 दिनों से लड़ रहे थे पर नियति ने अपना खेल कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

श्रद्धांजलि व्यक्त करने वालों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेंद्र शुक्ला, नगर निगम के सभापति शेख नजीरूद्दीन, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभय नारायण राय, महामंत्री अर्जुन तिवारी, प्रदेश सचिव आशीष सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भुनेश्वर यादव, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडे, नरेंद्र बोलर, प्रदेश सचिव महेश दुबे जिला प्रवक्ता ऋषि पांडे व अन्य शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here