बिलासपुर। शहर के जाने-माने सर्जन डॉ. दुलाल चंद्र सरकार (डी.सी. सरकार) का आज शाम 6 बजे अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले 20 दिनों से यहां कोरोना संक्रमण के चलते भर्ती थे। आज शाम उनकी तबियत अधिक बिगड़ी। अपोलो में वे अपने साथ काम कर चुके डॉक्टरों की निगरानी में थे।

63 वर्षीय डॉ. सरकार उदर रोग विशेषज्ञ थे और शहर में उनकी खासी लोकप्रियता रही है। हर वर्ग के लोग उनके पास इलाज के लिये पहुंचते थे। वे उन चिकित्सकों में शामिल थे जो गरीबों के इलाज के लिये भी हमेशा उपलब्ध रहते थे।

बीते कई वर्षों से वे मिशन अस्पताल में सेवायें दे रहे थे। इसके अलावा कॉल पर वे शहर के अन्य निजी अस्पतालों में भी सर्जरी के लिये उनकी सेवा ली जाती थी। उनकी पत्नी शिखा सरकार भी डॉक्टर हैं जो सिम्स मेडिसिन विभाग में पदस्थ हैं। उनका पुत्र अभी दसवीं कक्षा में अध्ययनरत है। शहर के पत्रकारों के साथ उनकी खासी मित्रता रही। वे ट्रेड यूनियन से जुड़े नेताओं के साथ भी उनका करीबी सम्बन्ध रहा। उनके परिवारिक मित्र पत्रकार हबीब खान श्रमिक नेता नरेश अग्रवाल व ट्रेड यूनियन नेता पी.आर.यादव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एक कर्मठ, मिलनसार तथा हंसमुख मित्र उनसे आज बिछुड़ गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here