49वें दिन बिलासपुर के कला प्रेमी व रंगकर्मी धरने पर बैठे

बिलासपुर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का धरना आंदोलन शनिवार को 50 दिन पूरा कर लेगा। इस मौके पर धरना स्थल पर सर्व-धर्म प्रार्थना सभा रखी गई है। कल चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र धरने पर बैठने जा रहे हैं।

शुक्रवार को 49वें दिन धरने पर बिलासपुर आर्टिस्ट संघ के पदाधिकारी धरने पर बैठे।

पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य का दूसरा प्रमुख शहर होने के बाद भी बिलासपुर को हवाई सुविधा से वंचित रखा गया है। ऐसा क्यों है, इसका जवाब हम जनप्रतिनिधियों से मांगते हैं। बिलासपुर में हाईकोर्ट है, रेलवे का सबसे अधिक आमदनी देने वाला जोन है। इसके अलावा यहां प्रदेश का एकमात्र केन्द्रीय विश्वविद्यालय है। इसके अलावा 100 किलोमीटर की परिधि में कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, मुंगेली एवं पेन्ड्रारोड जिला मुख्यालय भी है। इनमें से कई जगह बड़े औद्योगिक संस्थान भी संचालित हैं। सरगुजा संभाग व रायगढ़ के लिए भी सबसे नजदीकी हवाई अड्डा बिलासपुर ही है। अर्थात् उत्तरी छत्तीसगढ़ , जिसकी आबादी डेढ़ करोड़ है उसका सही सम्पर्क स्थल बिलासपुर है।

आज की सभा को संबोधित करते हुये बिलासपुर आर्टिस्ट संघ के अभिजीत मित्रा ने कहा कि राज्य बनने के 19 साल के अंदर बिलासपुर और रायपुर में विकास का अंतर 10 गुना हो गया है और इसके लिए जनप्रतिनिधि के साथ-साथ आम जनता भी जिम्मेदार है। अतुल कान्त खरे ने कहा कि छत्तीसगढ में खनिज निकालने के लिए तो सरकारें तत्पर रहती हैं, परन्तु आवागमन की सुविधा के लिए कोई ध्यान नहीं है।

इसके साथ ही एम.एस.तम्बोली, रूपेन्द्र शर्मा, प्रदीप जायसवाल, किरण दुबे, तपोविंद सेठी, जितू ठाकुर, शिवा गेंदले, पुरुषोत्तम राजपूत, विनय अग्रवाल, टीकेश प्रताप सिंह, चित्रकान्त निरद्वार, विकास सिंह, बृजेश बोले, हर्ष सिंह, हिमेश साहू, मनीष मिश्रा, राजा वर्मा, मनोज मेश्राम, समर्थ मिरानी, अमिताभ वैष्णव व नीरज गोस्वामी ने भी हवाई सेवा की मांग का समर्थन किया।

समिति  के सदस्य बद्री यादव, देवेन्द्र सिंह बाटू अशोक भंडारी व अन्य ने भी हवाई सेवा की मांग के जुड़े विभिन्न तथ्यों पर अपने विचार रखे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here