बिलासपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आज पुलिस स्टेडियम में जिला पुलिस ने खेल सम्मान समारोह आयोजित किया, जिसमें हॉकी के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के परिजनों, बुजुर्ग खिलाड़ियों व अन्य खेलों के उदीयमान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी मुजीब खान, एस ए कादिर, विजय पिल्ले, रोहित बाजपेयी, ओम प्रकाश वर्मा आदि की उपस्थित रही। आमंत्रित वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रतनलाल डांगी ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए बताया कि उनके उत्कृष्ट खेल को देखकर जर्मन शासक हिटलर ने प्रलोभन देकर अपने देश की ओर से खेलने के लिये कहा लेकिन वे तैयार नहीं हुए। उन्होंने ओलम्पिक में भारत को तीन बार स्वर्ण पदक दिलाया। डांगी ने 1912 से लेकर अब तक बिलासपुर से खेलने वाली पुलिस टीम तथा शहर के हॉकी खिलाड़ियों को याद किया।

पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने कहा कि यवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिये ताकि वे बिलासपुर का नाम देश व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें।

कार्यक्रम के प्रारंभ में शासकीय कन्या हायर सेकेन्डरी स्कूल सरकंडा की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान पुलिस इलेव व बिलासपुर इलेवन के बीच हॉकी का एक शो मैच भी खेला गया जिसमें बिलासपुर इलेवन दो गोल से विजयी रही।

मंच का संचालन दूरदर्शन रायगढ़ की जरीन खान ने किया। कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में एएसपी शहर उमेश कश्यप, निमेश बरैया, सुरेन्द्र वर्मा, हॉकी खिलाड़ी नासिर खान, धनेन्द्र ध्रुव, सोनू वर्मा व उनके सहयोगियों ने योगदान दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here