बिलासपुर। मस्तूरी इलाके में झाड़ फूंक करने वाले दो बैगाओ के बहकावे में आकर एक महिला को जलाकर मार डालने की कोशिश की गई। पुलिस ने दोनों बेगाओं सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक मस्तूरी थाने के अंतर्गत भदौरा गांव के केजऊ राठौर की बेटी और बहू बीमार चल रही थी। आरोपी केजऊ ने अपने दामाद संतोष राठौर को दोनों का झाड़ फूंक कराने के लिए बैगा लाने के लिए कहा। दामाद संतोष अपनी जान पहचान के दो बैगा आरोपी देवी प्रसाद और धरम को लेकर गांव पहुंचा। घर पर दोनों बैगाओं ने तंत्र मंत्र पढ़ते हुए भूत भगाने का कर्मकांड किया। दिन भर पूरी प्रक्रिया करने के बाद रात में ये लोग फिर कर्मकांड के लिए इकट्ठे हुए। इस दौरान केजऊ का बेटा, उसका समधी और दोनों दामाद भी मौजूद थे। इसी दौरान पूजा पाठ के करते हुए वे सभी पास में रहने वाली एक वृद्ध महिला के घर घुसे। वहां से उसे वे घसीटते हुए लेकर आए। कर्मकांड स्थल पर लाकर उन्होंने उसके हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गर्म हंसिया दाग दिया। महिला जब अधमरा हाल में हो गई, तो उसे छोड़ दिया। पीड़ित महिला के बेटे ने मस्तूरी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने एडिशनल एसपी अर्चना झा को टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया। उन्होंने घटनास्थल जाकर देखा तो दोनों बेगा सहित परिवार के सभी पांच आरोपी फरार हो चुके थे। उन सभी को कोरबा, बालको और जांजगीर से हिरासत में ले लिया गया। सभी आरोपियों को तो टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश करने पर सभी को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिर्रा, जांजगीर निवासी बैगा धरम कहरा, भीमा तालाब जांजगीर निवासी बैगा देवी कहरा, भदौरा का केजू राठौर और सुरेश राठौर, धाराशिव पामगढ़ का रवि राठौर, जांजगीर का संतोष राठौर और हालहुली खरसिया का विशाल नाथ राठौर शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह आम लोगों से अपील की है कि इस प्रकार के अंधविश्वास को बढ़ावा ना दें और किसी के बहकावे में ना आएं। यदि इस तरह की किसी घटना की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here