शांति समिति की बैठक में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए सहमति बनी

बिलासपुर। गणेशोत्सव पर प्लास्टिक ऑफ पेरिस की मूर्तियां स्थापित नहीं की जायेंगी इसके लिए नगर-निगम के अधिकारी मूर्ति निर्माण स्थलों का निरीक्षण करेंगे। गणेश पांडाल के लिये सड़कों को घेरा नहीं जायेगा और रात 10 बजे के बाद साउन्ड सिस्टम का इस्तेमाल नहीं किया जायेगा।

यह सहमति गणेशोत्सव और मोहर्रम शांति एवं सद्भावना से मनाने के लिए बुलाई गई शांति समिति बैठक में बनी। इस बार मोहर्रम 10 सितंबर और गणेश विसर्जन 12 सितंबर को होगा। इस दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्था हेतु आज अतिरिक्त कलेक्टर बी सी साहू की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक रखी गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल भी उपस्थित थे। समिति के सदस्यों के सुझाव पर विचार-विमर्श कर उक्त पर्वों के दौरान व्यवस्था बनाये रखने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। मोहर्रम पर्व में सवारी निकलने के दौरान निर्धारित रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चिन्हांकित मार्ग में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कब्रिस्तान में भी बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
गणेश पर्व के दौरान सड़क घेरकर यातायात को बाधित न करने, रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं करने के लिये लोगों को समझाईश देने का अनुरोध समिति सदस्यों से किया गया। प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित गणेश की मूर्तियों की स्थापना न की जाये, बल्कि इको फ्रेंडली मूर्ति स्थापित हो। इसके लिये मूर्ति निर्माण स्थल का निरीक्षण करने नगर निगम को निर्देश दिया गया।   विसर्जन स्थल पचरीघाट, जूना बिलासपुर, सरकण्डा पुल के पास एवं छठघाट तोरवा में सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया गया। विसर्जन स्थल पर टेंट, लाईट और साउंड सिस्टम तथा गोताखोर की व्यवस्था तथा बेरिकेटिंग के निर्देश दिये गये।

पर्वों के दौरान विद्युत आपूर्ति निरंतर बनाये रखने एवं आपात् स्थिति में सुधार कार्य करने वाले कर्मचारियों के दल विशेष रूप तैनात करने के निर्देश दिये गये। आपात स्थिति के लिये चिकित्सा व्यवस्था फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गणेश विसर्जन 12 एवं 13 सितंबर को कर लिया जाये, जिससे कानून व्यवस्था बनी रहे। गणेश विसर्जन एवं ताजिया विसर्जन निर्धारित रूट पर ही किया जाये। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओ पी शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट टंडन, विभिन्न थानों के प्रभारी अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य हबीब मेनन, शब्बीर खान, सुधीर खण्डेलवाल, संतोष कौशल, इकबाल हुसैन, अनुराग नथालियन सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here