बिलासपुर। मस्तूरी इलाके में 19 साल की एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध हालत में घर पर लाश मिली। उसके गले में चोट के निशान हैं। ससुराल पक्ष तबीयत बिगड़ने से मृत्यु होने की बात कर रहे हैं जबकि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ससुराल वालों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मल्हार चौकी इलाके के भगवानपाली गांव में ड्राइवर रामसनेही राय ने पिछले साल खैरा डंगनिया की संध्या राय के साथ दोनों परिवारों की सहमति से प्रेम-विवाह किया था। आज सुबह उसके घर से डायल 112 को फोन किया गया कि संध्या की तबीयत बिगड़ गई है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की जरूरत है। 112 के सिपाहियों ने देखा कि विवाहिता बिस्तर पर मृत पड़ी है और उसके गले में चोट के निशान दिख रहे हैं। उन्होंने मामला संदिग्ध देखते हुए मस्तूरी थाना प्रभारी को फोन किया। पुलिस टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अस्पताल भेजा। मौत की पुष्टि होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस पहुंची तो घर पर उसके पति, सास-ससुर और कुछ अन्य रिश्तेदार मौजूद थे। उनका कहना था कि दही खाने के कारण मृतका की तबीयत बिगड़ गई और बेहोश हो गई। संध्या के मायके से उसके पिता अशोक भारद्वाज व अन्य लोग पहुंचे। उन्होंने चोट का निशान देखकर कहा कि ससुराल वाले गुमराह कर रहे हैं, उसकी हत्या की गई है। मृतक संध्या को 5 माह का गर्भ था। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात अभी सामने नहीं आई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here