राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन किया प्रभारी मंत्री अग्रवाल ने

पांच संभागों के एक हजार खिलाड़ी बेसबाल, कबड्डी, कराटे, क्रिकेट और हॉकी में भाग ले रहे, 6 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

बिलासपुर। बिलासपुर में आयोजित 21वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं वाणिज्य कर (पंजीयन एवं मुद्रांक) एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा किया गया। आगामी 6 अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रतियोगिता में राज्य के पांच संभागों के 1 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

पुलिस ग्राउण्ड बिलासपुर में आयोजित खेल के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जयसिंह अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह न्यायधानी के लिए गौरव का क्षण है। बस्तर से लेकर सरगुजा तक के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपने प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त कि बिलासपुर के निवासियों को उत्कृष्ट खेल देखने का अवसर मिलेगा।

अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। विगत दिनों बिलासपुर में 42 करोड़ के खेल सुविधाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर में चार खेल एकेडमी की सौगात दी है, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और वे देश विदेश में नाम रौशन कर प्रदेश का मान बढाएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बिलासपुर के विधायक शैलेष पाण्डेय ने कहा कि खेल में मेहनत, लगन, परिश्रम व बुद्धिमानी के साथ मैदान में उपस्थित होना पड़ता है। खिलाड़ी इस मंच का पूरा लाभ उठाएं और अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करें। विशिष्ट अतिथि महापौर रामशरण यादव ने कहा कि कोरोना काल में बच्चों को बाहर जाकर खेलने का अवसर नहीं मिला था, अब मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान और खेल के साथ साथ खिलाड़ियों के भरण-पोषण पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए जिससे खिलाड़ी अपने देश-प्रदेश का नाम रौशन करेंगे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत उद्बोधन जिला शिक्षा अधिकारी एस के प्रसाद ने दिया। उन्होंने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य के 547 बालक और 466 बालिकाएं बेसबाल, कबड्डी, कराटे, क्रिकेट और हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के लिए बेसबाल, 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के  बालक-बालिका वर्ग के लिए कबड्डी, 14,17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक बालिका वर्ग के लिए कराटे, 14 वर्ष आयु वर्ग के बालकों के लिए किक्रेट और 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए हॉकी प्रतियोगिताएं होंगी।

देवकीनंदन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर, पुलिस ग्राउण्ड बिलासपुर, रघुराज स्टेडियम बिलासपुर, छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर और सीपत रोड स्थित खेल परिसर के मैदान में प्रतियोगिताएं होंगी।

कार्यक्रम में सभी टीमों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि ने उनकी सलामी स्वीकार की। मुख्य अतिथि ने 21वीं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का ध्वज फहराया और खेल के उद्घाटन की विधिवत् घोषणा की। आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की शपथ दिलाई गई।

अंत में आभार प्रदर्शन सहायक संचालक शिक्षा विभाग श्री संदीप चोपड़े ने किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष, कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा, नगर निगम के सभापति शेख नजीरूद्दीन, अन्य पार्षद सहित गणमान्य नागरिक वाणी राव, विजय पाण्डेय, फिरोज कुरैशी सहित विभिन्न खेल संघों के खेल पदाधिकारी, कोच, मैनेजर एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here