अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में कोविड-19 पर सेमिनार की श्रृंखला

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा ‘कोविड -19 महामारी में मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य का संरक्षण’ विषय पर आयोजित आभासी परिचर्चा में मुख्य अतिथि भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. रमेश चंद्र सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में दर्शन की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है, वहीं मनोविज्ञान आज के तनावपूर्ण माहौल के समाधान के लिए आवश्यक है।  कोविड काल में इसकी भूमिका मानव कल्याण के लिए कैसी हो समाज के लिए मनुष्य क्या कर सकता है, यह महत्वपूर्ण पहलू है।

विशिष्ट अतिथि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस के डीन व वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक प्रोफेसर एसएन घोष ने कहा कि मनोविज्ञान के द्वारा इस संकटकाल को जीता जा सकता है। हमें मन के अंदर नकारात्मक शक्तियों को नहीं आने देना है। सकारात्मक सोच के साथ इस बीमारी से लड़ने के लिये अच्छी सोच रखें। अच्छे स्वास्थ्य खानपान के साथ मन को मजबूत बनाएं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरुण दिवाकर वाजपेई ने कहा कि महामारी के दौर में विश्वविद्यालय की समाज में भूमिका को समझते हुए वेबीनार सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान समय में इस बीमारी से जहां शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान हो रहा है वहीं अनछुए पहलू में मानसिक स्वास्थ्य भी आता है, जिसकी मजबूती आवश्यक है।

एम्स भोपाल की चिकित्सक डॉ. अदिति बाजपेई ने मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर बारीकी से बात करते हुए कहा कि भावनाओं की जांच एक्सरे या एम आर आई से नहीं हो सकती। इस महामारी के काल में कोरोना प्रोटोकॉल के साथ-साथ डर को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना है। उन्होंने मनोविज्ञान के अनछुए विषयों से अपने वक्तव्य में परिचय कराया। विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापक श्रेया साहू ने वेबीनार में प्रतिभागी वक्ताओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के समन्वयक सौमित्र तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के संयोजक कुलसचिव डॉक्टर सुधीर शर्मा ने बताया कि दर्शन और मनोविज्ञान का वर्तमान समय में क्या महत्व है।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति डॉ अरुण सिंह तथा डॉ एच एस होता के पिता एवं कर्मचारी नितिन चक्रवर्ती की मृत्यु पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए 2 मिनट का मौन रखा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here