बिलासपुर। कंस्ट्रंक्शन कॉलोनी के एक नाली में मिली लाश के मामले में उसके पास ही घायल और अचेत हालत में मिले उसके दोस्त को पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी का कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था, जिन्हें वह हत्या के जुर्म में गिरफ्तार कराना चाहता था।

बीते 6 जून को रेलवे परिक्षेत्र स्थित कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में एक लाश नाले में पड़ी मिली थी, जिसका सिर भीतर घुसा हुआ था। इसके गर्दन तथा शरीर के कई हिस्सों में चोट थी। इसकी पहचान रामलाल सोनी के रूप में हुई। लाश के ही पास उसका साथी रामायण मानिकपुरी घायल और अचेतावस्था में मिला। होश में आने पर रामायण ने पुलिस को गुमराह किया कि बीती रात चार-पांच लोगों ने उन दोनों पर हमला किया। हमले के बाद वह बेहोश हो गया, उसके बाद क्या हुआ मालूम नहीं। घटनास्थल, दोनों को आई चोट और इस बयान के साथ तालमेल नहीं दिखने पर पुलिस ने रामायण से कड़ी पूछताछ शुरू की। दो दिन में वह टूट गया और उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी रामायण और मृतक रामलाल पिछले कई दिन तक एक साथ घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने साथ में गांजा और शराब पिया। वे मांग कर खाना खाते और रेलवे स्टेशन अथवा किसी मंदिर के पास सो जाते थे। पांच जून को रात करीब एक बजे नाले के पास रामायण ने नायलोन की रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी रामायण ने खुद को भी कई जगह चाकू और ब्लेड से घायल कर लिया। रस्सी और ब्लेड को उसने पास में ही छिपा दिया। मृतक रामलाल को नाली में घसीटकर ले जाने के बाद खुद भी बेहोशी का नाटक करते हुए वहीं पड़ा रहा। सुबह लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई।

आरोपी रामायण ने बताया कि रामलाल उसे पांच-छह दिन पहले पुराना बस-स्टैंड के पास मिला था। अपनी योजना  तहत उसे वह अपने साथ घुमा रहा था। आरोपी ने बताया कि कंस्ट्रक्शन कॉलोनी निवासी दिलीप गोंड के साथ उसका जमीन का विवाद चल रहा है। कई बार पुलिस में उसके खिलाफ उसने रिपोर्ट लिखाई पर उसे पुलिस ने कभी गिरफ्तार नहीं किया। इसलिये वह उसे जेल भिजवाना चाहता था। पुलिस को दिये बयान में उसने दिलीप गोंड पर हमले का संदेह होने का आरोप भी लगाया था। पुलिस ने आरोपी रामायण मानिकपुरी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here