बघेल को जेल भेजने का विरोध, कांग्रेसियों से सीएम का पुतला पुलिस ने छीना

सीडी कांड में दायर सीबीआई के चालान के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इसके विरोध में आज शाम  नेहरू चौक पर कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का पुतला जलाने की कोशिश और नारेबाजी की। वे लगातार नारे लगा रहे थे कि रमन तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, रमन सिंह डरता है, पुलिस को आगे करता है…।

मालूम हो कि रायपुर की सीबीआई अदालत में बघेल ने जमानत लेने से यह कहते हुए इन्कार कर दिया कि उन्हें साजिश के तहत इस मामले में फंसाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जांजगीर दौरे के विरोध में प्रदेशभर में हुए प्रदर्शन से बौखलाकर सरकार के इशारे पर सीबीआई ने यह कदम उठाया है। जमानत लेने से मना करने के बाद बघेल को 15 दिन की न्यायिक हिरासत पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

जेल भेजे जाने की ख़बर मिलने के बाद आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता, युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस इकाईयों के कार्यकर्ता नेहरू चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच वे मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंकने के लिए लेकर आए थे, जिसे वहां मौजूद पुलिस बल ने छीन लिया।

विरोध प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, शेख गफ्फार, राजेन्द्र शुक्ला, शिवा मिश्रा, बसन्त शर्मा, रविन्द्र सिंह, त्रिलोक श्रीवास, अभय नारायण राय, शिवा नायडू, जावेद मेमन, सीमा पांडेय, अनिता लव्हात्रे, सीमा सोनी, धर्मेश शर्मा, सुनील शुक्ला, फिरोज खान, भुवनेश्वर यादव, अशोक सूर्यवंशी सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार सीबीआई का दुरुपयोग कर झूठे मामले में प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को जेल भेज रही है, जिसका हम विरोध करते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here