राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह से ली उइके ने भाजपा की सदस्यता, कहा- कांग्रेस में घुटन हो रही थी

तानाखार विधायक रामदयाल उइके ने आज भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश के बाद कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का काम केवल सीडी बनाकर लोगों का चरित्र हनन करना रह गया है।

कांग्रेस के मजबूत नेताओं में से एक तानाखार विधायक तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके ने आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में यहां एक होटल में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसके बाद रखी गई एक  पत्रकार वार्ता में उइके ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। अब वह गरीबों और आदिवासियों की हितैषी नहीं रह गई है। वहां आदिवासियों की सुनने वाला कोई नहीं है। नेताओं में आपसी मनमुटाव है और  झगड़े के कारण खींचतान हो रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। कांग्रेस में वे काफी घुटन महसूस कर रहे थे। अब तो कांग्रेसी राहुल की भी नहीं सुनते। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल केवल सीडी बनाकर लोगों का चरित्र हनन करने में लगे हुए हैं। अब तो यहां के कांग्रेसी राहुल गांधी की भी नहीं सुनते। पहले वाली सीडी के मामले को दबाने का प्रयास किया गया लेकिन नई सीडी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की असलियत को खोलकर रख दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व भाजपा की तारीफ करते हुए उइके ने कहा कि आदिवासी समाज के लिए सरकार ने बहुत काम किया है। आदिवासियों की पढ़ाई के लिए एजुकेशन हब भी बनाया है। जल जंगल जमीन व स्वास्थ्य के लिए मुख्यमंत्री ने जितना काम आदिवासियों के हित में किया, वह अनुकरणीय है जिसने मुझे भाजपा में प्रवेश के लिए प्रेरित किया। कांग्रेस छोड़कर व भाजपा में प्रवेश कर वे राहत महसूस कर रहे हैं। घर वापसी के बाद अच्छा लग रहा है। पार्टी के निर्देश के बाद अपनी जिम्मेदारी का वे ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

बाद में पत्रकारों के पूछने पर उइके ने कहा कि उनकी राहुल गांधी से कोई नाराजगी नहीं है। हालांकि यह स्वीकार किया कि हाल ही में बनाई गई कोर कमेटी में उनको शामिल नहीं किया जाना इसकी एक वजह है।

पत्रकार वार्ता में मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उइके की घर वापसी हुई है। भाजपा से वे पहले भी लम्बे समय तक जुड़े रहे हैं। उनका मधुर व्यवहार और सक्रियता का पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ने उइके के भाजपा प्रवेश की घोषणा करते हुए कहा कि उनके आने से आदिवासी समाज के विकास के कार्य और बेहतर ढंग से किए जा सकेंगे।  कौशिक ने प्रेसवार्ता के दौरान उइके को भगवा साफा पहनाया।

इस दौरान प्रदेश के नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल, राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम, सांसद लखनलाल साहू, गृह निर्माण मण्डल अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी और भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष रजनीश सिंह भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here