पुलिस जवानों का सम्मान किया सबक और स्व. विनोद चौबे चैरिटेबल ट्रस्ट ने, एक लाख का चेक सौंपा

बिलासपुर। जागरूक युवाओं की संस्था ’सबक’ एवं स्व. विनोद चौबे चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में बिलासपुर पुलिस का सम्मान समारोह आयोजित कर ग्रीन पार्क, उसलापुर लूट कांड एवं गोली कांड के अपराधियों को पकड़ने वाली 50 सदस्यीय टीम का सम्मान किया गया।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि महापौर रामशरण यादव थे। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामशरण यादव ने कहा कि दोनों घटनाओं को लेकर बिलासपुर पुलिस की जितनी तारिफ की जाये कम है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल और उनकी पूरी टीम जितनी तत्परता से इस घटना का खुलासा किया, अपराधियों को पकड़ा, वह काबिले तारिफ है। इस अवसर पर संस्था एवं उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि हम नशामुक्त बिलासपुर के लिये प्रयास करें।

कार्यक्रम अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सबक एवं स्व. विनोद चौबे चेरिटेबल ट्रस्ट के गठन का उद्देश्य ही समाज से बुराईयों को समाप्त करना एवं बुराईयों से लड़कर समाज में जागरूकता पैदा करना है। स्व. चौबे बिलासपुर के लाड़ले सपूत थे। नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए, उनकी स्मृति को जिंदा रखने के लिए उनके नाम पर ट्रस्ट का गठन किया गया। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य हेतु आर्थिक मदद करना है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश कश्यप ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच सम्मानित होना पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है। बिलासपुर में ऐसा वातावरण है कि जनता का साथ ही नहीं देती, वरन् सम्मान भी करती है। जिन दोनों घटनाओं को लेकर हम सभी को सम्मानित किया जा रहा है, उसके लिए हम सभी ने अपने कप्तान प्रशांत अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में कार्य किया और हमें सफलता मिली। सम्मान के लिये सबक एवं हम सभी के प्रेरणा स्त्रोत हमारे परिवार के शहीद विनोद चौबे के नाम पर गठित ट्रस्ट का आभार प्रकट करते हैं। ऐसे आयोजनों से हमारे जवानों का मनोबल बढ़ता है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, नगर निगम सभापति शेख नजीरूद्दीन, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद नायक, प्रदेश कांग्रेस सचिव महेश दुबे सहित कांग्रेस नेता, स्व. विनोद चौबे ट्रस्ट व सबक के सदस्य उपस्थित थे।
प्रारंभ में स्व. विनोद चौबे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्वागत भाषण में संस्था के संरक्षक अभय नारायण राय ने पुलिस को समाज का अभिन्न अंग बताया और कहा कि पुलिस और समाज एक दूसरे की धुरी बनकर ही रक्षा कर सकते हैं।
कार्यक्रम को शेख नजीरूद्दीन, अरूण सिंह चौहान, प्रमोद नायक, महेश दुबे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष तैय्यब हुसैन ने किया और आभार प्रदर्शन जावेद मेमन ने किया।
कार्यक्रम के दौरान सबक संस्था द्वारा उस्लापुर काण्ड के आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को एक लाख रुपये का डेमो चैक दिया गया। राशि पुलिस अधीक्षक को सौंपी जायेगी, जिसका उपयोग साईबल सेल के एक्सपर्ट्स को तकनीकी सहयोग के लिए लैपटॉप दिया जायेगा। वहीं पुलिस परिवार के हरिओम शर्मा को 25 हजार रुपये का चेक शहीद विनोद चौबे ट्रस्ट द्वारा शिक्षा के लिये प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सीएसपी आर.एन. यादव, निमेश बरैया सभी थाना प्रभारी, निरीक्षक, उप-निरीक्षक, आरक्षक, साइबर सेल के सदस्य उपस्थित थे। सभी का सम्मान किया गया, सभी को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here